Uncategorized

टेंट हाउस मालिक के घर में लगी भीषण आग, 6 साल की बच्ची की जलकर मौत, चार झुलसे

झारखंड के हजारीबाग शहर में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। इस आग में जलने से 6 साल की एक बच्ची की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे हुए लोगों को आनन-फानन में निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मालवीय मार्ग पर एक व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई, जहां लोगों ने सोमवार शाम को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर में मिट्टी के दीए जलाए थे।

आग में दम घुटने से 6 साल की बच्ची की मौत

हजारीबाग जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने कहा कि आग बाजार क्षेत्र में एक निजी आवास में लगी। फिर देखते ही देखते आग तेजी से आसपास की इमारतों में फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि टेंट हाउस के मालिक अंजन विश्वकर्मा का पूरा परिवार इसमें फंस गया। इसमें छह साल की बच्ची अन्नु कुमारी की दम घुटने से मौत हो गई है।

पांच घंटे बाद आग पर पाया काबू

उन्होंने बताया कि पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। मनोज रतन चौथे ने बताया कि आग की चपेट में आने से अन्नू नाम की छह साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं आग की चपेट में आए चार लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए।

आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही: एसपी

अधिकारी ने कहा कि घायल लोगों का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन अभियान के दौरान पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। आग कैसे लगी, इसका पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button