Uncategorized

महिला एशियन हॉकी चैंपियन्स ट्रॉफी 2023ः भारत ने जापान को हराकर दूसरी बार जीता स्वर्ण पदक, चीन को मिला कांस्य

भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना विजय रथ जारी रखते हुए झारखंड महिला एशियन चौंपियंस ट्रॉफी रांची-2023 का फाइनल मुकाबला जीतकर दूसरी बार इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। मेजबान टीम ने रविवार को रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में जापान को 4-0 से हराया। वहीं, चीन ने कोरिया को 2-1 से मात देकर कांस्य पदक हासिल किया। स्वर्ण पदक मुकाबले में भारतीय टीम ने हाफ टाइम की समाप्ति तक 1-0 की बढ़त बना ली थी। भारत के लिए यह गोल संगीता कुमारी ने 17वें मिनट में मैदानी गोल के रूप में किया।

Women Asian Hockey Champions

मेजबान टीम ने दूसरे हाफ में भी अपना तूफानी प्रदर्शन जारी रखा और तीन गोल और दाग दिए। टीम के दूसरा गोल नेहा ने 46वें, तीसरा गोल लालरेमसियामी ने 57वें और चौथा तथा अंतिम गोल वंदना कटारिया ने 60वें मिनट में किया।

संगीता कुमारी ने टूर्नामेंट में सबसे अधिक 6गोल किए

भारत की इस संस्करण में सात मैचों में यह लगातार सातवीं जीत थी। भारतीय टीम के लिए संगीत कुमारी ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छह गोल किए जबकि चीन की जियाकी झोंग सात गोल के साथ टॉप स्कोरर रहीं।

सभी भारतीय खिलाड़ियों को 3-3 लाख

स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम के प्रत्येक खिलाड़ियों को तीन-तीन लाख रुपये और प्रत्येक सपोर्ट स्टाफ को 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

चीन ने कोरिया को पराजित किया

इससे पहले, कांस्य पदक मुकाबले में चीन के लिए यी चेन ने तीसरे और तियांतियन लोउ ने 47वें मिनट में गोल किए। वहीं, कोरिया के लिए एकमात्र गोल सुजिन एन ने 38वें मिनट में दागा। कोरिया को चौथे, मलेशिया को पांचवें और थाईलैंड को छठे स्थान से संतोष करना पड़ा।

भारत ने 2016 में हासिल किया था खिताब

राउंड रॉबिन लीग चरण के आधार पर खेले गए इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें भाग ले रही थीं। जिसमें मेजबान भारत के अलावा चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें शामिल थीं। लीग चरण के बाद अंकतालिका की टॉप-4 टीमों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। भारतीय महिला टीम ने इससे पहले 2016 में यह खिताब अपने नाम किया था। जबकि भारतीय टीम 2013 और 2018 में रजत पदक जीत चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button