Uncategorized

झारखंड में दिवाली-छठ के पहले बारिश से बढ़ी ठंड, जानें अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा मौसम

झारखंड में एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रांची और आसपास के जिले में शुक्रवार को दोपहर बाद जमकर बारिश हुई। अचानक हुई बारिश से निचले इलाकों में जल जमाव से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण ठंड में भी बढ़ोतरी हुई है। वहीं बादल छंटने के बाद सिहरन में और बढ़ोतरी की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक राज्य में कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक 11.2 मिलीमीटर बारिश गुमला जिले के रायडीह में हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है। जबकि 4 नवंबर को दक्षिण पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 5 और 6 नवंबर को सुबह में कोहरा या धुंध के बाद आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। जबकि 7 से 9 नवंबर तक मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।


राज्य के अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे

राज्य में दिवाली और छठ के पहले ठंड का असर देखने को मिल रहा है। रांची का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री, देवघर का 19.8, गढ़वा का 18.9, रामगढ़ का 19.3, जमशेदपुर का 22, डालटनगंज का 19.5, बोकारो का 20.1 और गोड्डा जिले का 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button