Uncategorized

मंत्री चंद्रशेखर के ‘पोटेशियम कांड’ पर सवार बिहार की राजनीति, नीतीश-लालू से जवाब मांग रही BJP

बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने फिर से नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने रामचरितमानस जैसे प्राचीन ग्रंथ फिर विवादित टिप्पणी की है। चंद्रशेखर ने कहा कि ये इतने हानिकारक तत्व हैं कि इसकी तुलना ‘पोटेशियम साइनाइड’ से की जा सकती है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता ने गुरुवार देर रात एक हिन्दी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बयान दिया। जिसका एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आया है। मंत्री ने कहा कि ये सिर्फ मेरा विचार नहीं है, बल्कि हिंदी के बड़े लेखक नागार्जुन और समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया ने भी कहा है कि रामचरितमानस में कई प्रतिगामी विचार हैं। मंत्री की इसी तरह की टिप्पणियों से इस साल की शुरुआत में विवाद पैदा हुआ था।

चंद्रशेखर ने स्वीकार किया कि शास्त्रों में बहुत-सी महान बातें हैं लेकिन अगर किसी दावत में पोटेशियम साइनाइड छिड़ककर 55 व्यंजन परोसे जाते हैं, तो भोजन खाने लायक नहीं रह जाता। राजद नेता ने आरोप लगाया कि जातिगत भेदभाव के बारे में उनकी टिप्पणियों के बाद उन्हें अपशब्द कहे गए और हमले की धमकियां भी मिलीं, लेकिन जब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने इसी तरह की चिंता व्यक्त की तो किसी को कोई समस्या नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि जाति जनगणना समतावादी समाज बनाने की दिशा में एक आवश्यक कदम है। जिसमें गटर की सफाई जैसे कार्यों में शामिल लोगों के लिए सम्मान सुनिश्चित किया गया। हालांकि, राजद के वरिष्ठ नेता को सहयोगी दल जनता दल (यूनाइटेड) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आलोचना का सामना करना पड़ा। जबकि उनकी अपनी पार्टी ने उनकी टिप्पणियों से खुद को दूर रखने की कोशिश की।

CM नीतीश से जवाब मांग रही BJP

भाजपा मीडिया पैनलिस्ट नीरज कुमार ने कहा कि शिक्षा मंत्री ने महान सनातन धर्म का अपमान किया है। जिसमें संत रविदास और स्वामी विवेकानंद जैसे प्रगतिशील लोग शामिल हैं। हम जानना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस अपमान पर चुप क्यों हैं? मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जद(यू) के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक झा ने कहा कि संविधान में कहा गया है कि सभी धर्मों को समान सम्मान दिया जाना चाहिए। ऐसा लगता है कि कुछ लोग महज सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसी बातें कहते हैं, जिसे हम अस्वीकार करते हैं।

भाजपा के प्रवक्ता राकेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा मंत्री को भले रामचरित मानस में पोटेशियम साइनाइड दिख रहा है लेकिन सही अर्थों में बिहार की राजनीति के लिए राजद जैसी पार्टी ही पोटेशियम साइनाइड है। उन्होंने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन में शामिल सभी दल हिंदुओं के अपमान करने की रणनीति पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने पहली बार रामचरित मानस का अपमान नहीं किया है। उन्होंने यहां तक कहा कि शिक्षा मंत्री को लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का वरदहस्त प्राप्त है और उनके इशारे पर ही शिक्षा मंत्री ऐसा बयान दे रहे हैं।

RJD ने चंद्रशेखर के बयान से किया किनारा

राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने एक बयान में कहा कि यह सच है कि हमारी पार्टी सामाजिक न्याय के लिए खड़ी है, लेकिन सभी धर्मों के सम्मान के लिए भी खड़ी है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी बयान से बचना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button