एसएससी भ्रष्टाचार मामले में पश्चिम बंगाल के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

जब यह घोटाला हुआ था, तब चटर्जी राज्य के शिक्षा मंत्री थे। उन्हें लगभग 26 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। ईडी ने चटर्जी की करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के एक परिसर से 21 करोड़ रुपये नकद बरामद किए जाने के बाद उन्हें भी हिरासत में ले लिया।
ईडी सूत्रों के अनुसार, दिल्ली स्थित मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई। पार्थ चटर्जी को कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय ले जाया जा रहा है। एसएससी भर्ती भ्रष्टाचार मामले में ईडी अधिकारियों ने उनसे लगभग 27 घंटे तक पूछताछ की। ईडी सूत्रों का कहना है कि पार्थ चटर्जी को अदालत में पेश कर हिरासत की मांग की जाएगी।
शुक्रवार सुबह से ही ईडी के अधिकारियों ने पार्थ चटर्जी के घर जाकर जांच शुरू की थी। दिनभर की पूछताछ के दौरान चटर्जी एक बार बीमार पड़ गए थे, जिसके बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच की, लेकिन पूछताछ जारी रही। रात में यह खबर आई कि पार्थ चटर्जी की करीबी मॉडल और अभिनेत्री के बेहला स्थित फ्लैट से 20 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं। ईडी ने इस पैसे की तस्वीरें भी जारी कीं। कहा जा रहा है कि यह धनराशि सीधे एसएससी भ्रष्टाचार से जुड़ी हुई है। इसके बाद ही पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी तय हो गई और उन्हें आज गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना से राज्य की राजनीति में हड़कंप मच गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्थ चटर्जी का मंत्री पद भी जा सकता है, लेकिन पार्टी की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है।



