Uncategorized

कर्नाटक सीएम तय होने के बाद सिद्धारमैया और शिवकुमार पहली बार दिखे एक साथ, क्या कहती है तस्वीर!

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद पर चल रहा असमंजस खत्म हो गया है। सीएम की कुर्सी के हकदार बने हैं सिद्धारमैया और डेप्युटी सीएम का पद डीके शिवकुमार के हिस्से आया है। दोनों ही मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। अब दोनों की एक ताजा तस्वीर सामने आई है। इसमें शिवकुमार और सिद्धारमैया कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हैं। खरगे को ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर अंतिम फैसला लेना था। इस तस्वीर में मल्लिकार्जुन खरगे बीच में हैं। वहीं उनके दाहिने तरफ डीके शिवकुमार और बाईं तरफ सिद्धारमैया हैं। पिछले कुछ दिनों में शिवकुमार और सिद्धारमैया के बारे में तमाम खबरें आईं। कहा यहां तक गया कि शिवकुमार किसी भी सूरत में सिद्धारमैया को सीएम बनते नहीं देखना चाहते हैं। ऐसे में कांग्रेस ने इस तस्वीर के जरिए यह दिखाने का प्रयास किया कि पार्टी में कोई मतभेद नहीं है और दोनों नेता साथ हैं। तस्वीर में शिवकुमार के चेहरे पर हल्की मुस्कुराहट है। वहीं सिद्धारमैया भी मंद-मंद मुस्कुराते दिख रहे हैं। जाहिर है कांग्रेस के लिए इस तस्वीर के बहुत मायने हैं, क्योंकि अगर दोनों नेताओं के बीच एक राय नहीं बनती को कर्नाटक की शानदार जीत फीकी पड़ सकती थी। शनिवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव का नतीजा आने के बाद सीएम के मसले पर कांग्रेस को चार दिन तक माथापच्ची करनी पड़ी। आखिरकार फॉर्म्युला तय हो गया और 20 मई को सिद्धारमैया दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालेंगे। इससे पहले दिल्ली जाते समय शिवकुमार ने कहा था कि पार्टी उनके लिए मां है और मां को बच्चे की इच्छा पूरी करनी चाहिए। शिवकुमार ने कहा था कि वह न तो ब्लैकमेल करेंगे और न ही पार्टी की पीठ में छुरा घोंपेंगे। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि उनकी कोई डिमांड नहीं है और उन्होंने 135 सीटें जीतकर सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के चरणों में रख दी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button