राहुल गांधी की यात्रा को लेकर झारखंड में कांग्रेस 47 हजार से पदाधिकारियों को ‘फोन’ पर मिला टास्क, जानें पूरा प्लान
झारखंड में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के पदभार ग्रहण करने के बाद राज्य में कई वर्षों बाद प्रदेश कमेटी के गठन का काम पूरा हो सका। वहीं प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर के साथ बूथ कमेटियों का गठन किया गया। इसके अलावा 20 सूत्री कमेटियों में भी पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं को मौका मिला। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि झारखंड में करीब 47 हजार पदधारियों की लिस्ट मोबाइल फोन नंबर के साथ पार्टी ऑफिस में उपलब्ध है। आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने को लेकर सभी पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां में जुट जाने का निर्देश दिया गया है। प्रदेश से लेकर प्रखंड-पंचायत और बूथ कमेटियों का गठन होने से आने वाले चुनाव में पार्टी-गठबंधन उम्मीदवारों को काफी फायदा मिलेगा। लोकसभा चुनाव के पहले राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ को अभूतपूर्व रूप से सफल बनाने में भी इन 47 हजार पदाधिकारियों की बड़ी भूमिका होगी।
13 जिलों में 804 किलोमीटर की यात्रा करेंगे राहुल गांधी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि लोकसभा चुनाव के पहले राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के तहत झारखंड आ रहे हैं। राहुल गांधी दूसरे चरण के भारत जोड़ो यात्रा के क्रम में आठ दिनों तक झारखंड में रहें। वे 13 जिलों में 804 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। जिन जिलों में राहुल गांधी की यात्रा होगी, उन जिलों में पार्टी के पदाधिकारी, नेता-कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। लेकिन राज्य के जिन 11 जिलों में राहुल गांधी की यात्रा नहीं होंगी, उन जिलों के कार्यकर्ता पड़ोस के जिलों में राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होंगे।
झारखंड की सीमा पर होगा भव्य स्वागत, साथ चलेंगे सैकड़ों वाहन
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय की यात्रा झारखंड में पाकुड़ से प्रवेश करेगी। झारखंड की सीमा पर एक लाख से अधिक पार्टी के नेता-कार्यकर्ता ‘यात्रा’ के स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे। जबकि राहुल गांधी जिन रास्तों से गुजरेंगे, उनके साथ कम से कम दस हजार लोग पैदल यात्रा में शामिल होंगे। वहीं वाहनों से गुजरने के दौरान राहुल गांधी के साथ पांच सौ से एक हजार वाहनों का काफिला साथ चलेगा। राहुल गांधी पैदल यात्रा के दौरान काफी तेज गति से चलते हैं, ऐसे में साथ चलने वाले वरिष्ठ नेताओं-कार्यकर्ताओं और युवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। जबकि वाहनों के काफिले में किसी तरह की असहज की स्थिति का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए भी साथ चलने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
यात्रा के मार्ग में बैनर-पोस्टर और झंडा लगाने की तैयारी
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जिस रास्ते से राहुल गांधी गुजरेंगे, उस रास्ते में पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से अभी से बैनर-पोस्टर लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। रास्ते भर में राहुल गांधी के स्वागत को लेकर पोस्टर के अलावा घर-घर में पार्टी का झंडा लगाया जाएगा। जगह-जगह पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से राहुल गांधी का फूलों के माला के साथ स्वागत किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस की ओर से भी बैनर-पोस्टर और पंपलेट तैयार करने का काम किया जा रहा है। जगह-जगह पुष्प वर्षा के साथ स्वागत की भी तैयारी की जा रही है।



