Uncategorized

‘इंडिया एलायंस फेल हो गया’, नीतीश की कांग्रेस से नाराजगी, बीजेपी के लिए बिन मांगी मुराद!

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन वाले बयान पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को देर से ही सही लेकिन धीरे-धीरे समझ में आ गया है। जिस विपक्षी एकता मुहिम का आगाज उन्होंने किया था, वो ध्वस्त हो चुका है। इतना ही नहीं नीतीश कुमार जी भी इस पूरे मुहिम में हासिए पर खड़े हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को ये भरोसा नहीं हो रहा कि जिस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए खुद आगे आए थे, उसकी हवा कांग्रेस पार्टी ने ही निकाल दी है। तभी तो बिहार में ‘महागठबंधन और राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया एलायंस’ से नीतीश कुमार जी पब्लिक प्लेटफॉर्म से नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।

nitish and nityanand

नीतीश ने कांग्रेस के खिलाफ खोला मोर्चा- नित्यानंद राय

नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीधे तौर पर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस बात को लेकर नाराजगी जाहिर की है कि कांग्रेस पार्टी गठबंधन धर्म का पालन नहीं कर रही है। इंडिया एलायंस फेल हो गया है। विधानसभा चुनाव के बाद शायद कांग्रेस पार्टी की नींद टूटे तो फिर गठबंधन पर आगे बात बने। नीतीश कुमार के इस बयान में ‘घमंडिया गठबंधन’ की हकीकत सामने आई गई है।

केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आगे कहा कि नीतीश कुमार जी आपको इतना तो समझ में आ ही गया है कि राजद के साथ गठबंधन का मतलब गुंडाराज और जंगलराज को बढ़ावा देना है। यही आपने पिछले 1 साल में किया है। अब राजद को खुलेआम कोसने से काम नहीं चलेगा। बिहार की बर्बादी के लिए आप सामूहिक रूप से राजद के साथ जिम्मेदार है। इसकी सजा बिहार की जनता आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

नित्यानंद ने नीतीश को याद दिलाई कांग्रेस का इतिहास

नीतीश कुमार को नित्यानंद राय ने कांग्रेस पार्टी का इतिहास याद दिलाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी मैं आपको फिर से याद दिलाना चाहता हूं कि आप जयप्रकाश नारायण के बताए हुए मार्गों पर चलने का दावा करते हैं। फिर आप कैसे ये भूल जाते हैं कि जयप्रकाश नारायण जी ने आजीवन कांग्रेस के खिलाफ संघर्ष किया। किस तरह कांग्रेस पार्टी ने जयप्रकाश नारायण, राम मनोहर लोहिया के साथ धोखा दिया। वही धोखा आज कांग्रेस पार्टी फिर से आपको देने का काम कर रही है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि आपकी (नीतीश कुमार) अंतरात्मा भी कमाल की है जिस कांग्रेस पार्टी के खिलाफ आपको लड़ाई लड़नी चाहिए थी आज आप उसी कांग्रेस पार्टी के गोद में बैठे हैं, और वो भी सत्ता के लिए। देश की जनता देख रही है आपको और आपके साथी गठबंधन दलों को। साल 2024 में फिर से जनता एक बार आप लोगों को सबक सिखाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में तीसरी बार फिर से केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button