लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाईदुबई की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
लखनऊ: फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट ने गुरुवार सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की।
यह फ्लाइट दुबई से काठमांडू जा रही थी, लेकिन काठमांडू एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के कारण इसे लखनऊ डायवर्ट किया गया।
फ्लाइट संख्या FZ 1133 ने दुबई से सुबह 2:00 बजे उड़ान भरी और लगभग 8:00 बजे काठमांडू पहुंची। हालांकि, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से सिग्नल न मिलने के कारण फ्लाइट को काठमांडू एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं मिली। कुछ समय तक काठमांडू एयरपोर्ट के ऊपर मंडराने के बाद फ्लाइट को लखनऊ भेजा गया।
फ्लाइट ने लखनऊ में सुबह 8:30 बजे इमरजेंसी लैंडिंग की। इसके बाद यात्रियों को लगभग डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा। लखनऊ एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट ने 10:00 बजे के आसपास काठमांडू के लिए फिर से उड़ान भरी।
लखनऊ एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि फ्लाईदुबई की यह फ्लाइट थोड़े समय के लिए यहां रुकी थी और फिर काठमांडू के लिए रवाना हो गई। हालांकि, फ्लाइट को लखनऊ में लैंडिंग की अनुमति क्यों दी गई, इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 28 सितंबर को फ्लाईदुबई की इसी फ्लाइट को खराब मौसम के कारण काठमांडू एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली थी। उस समय भी फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया था, जहां इसे लगभग तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा था।


