भारत जोड़ो न्याय यात्राः राहुल गांधी झारखंड में 8 और बिहार में रहेंगे 4 दिन, जानें 54 सीटों पर BJP को चुनौती देने का प्लान
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बिहार और झारखंड की 54 सीटों का काफी महत्वपूर्ण स्थान है। 2019 के लोकसभा चुनाव में इन 54 सीटों में से सिर्फ तीन सीटें पर ही कांग्रेस-यूपीए गठबंधन को जीत मिली। जिसमें बिहार में कांग्रेस को लोकसभा की एक सीट और झारखंड में कांग्रेस-जेएमएम को दो सीटों पर जीत मिली। अब लोकसभा चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकलने वाले हैं। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी आठ दिन झारखंड और बिहार में 4 दिन रुकेंगे।
झारखंड में 8 दिन रुकेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस की ओर से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का प्लान बनाया गया है, उसके तहत राहुल गांधी फरवरी की शुरुआत में झारखंड और बिहार आएंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि न्याय यात्रा का कारवां संतालपरगना के रास्ते झारखंड में प्रवेश करेगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार राहुल गांधी आठ दिन झारखंड में रहेंगे। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी झारखंड में 804 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।
झारखंड में दो चरणों में यात्रा होगी पूरी
झारखंड में दो चरणों में यात्रा होगी। पहले चरण में 11 जिलों में यात्रा निकाली जाएगी, जबकि दूसरे चरण में पलामू-गढ़वा में यात्रा पहुंचेंगी। झारखंड में न्याय यात्रा 13 जिलों से गुजरेगी। झारखंड के दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला, जमशेदपुर, चाईबासा, पलामू और गढ़वा में न्याय यात्रा का कारवां जाएगा। पहले चरण में संतालपरगना के विभिन्न जिलों से यात्रा गुजरेगी और फिर पश्चिम बंगाल से आने के बाद उत्तरी छोटानागपुर, कोल्हान प्रमंडल, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल और पलामू प्रमंडल से गुजरेगी।
बिहार में 4 दिन रुकेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का बिहार से ज्यादा झारखंड पर ही फोकस है। बिहार में यह यात्रा सात जिलों से गुजरेगी और 4 दिनों में 425 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस क्रम में वे तीन स्थलों पर रात्रि विश्राम करेंगे। बिहार में भी दो चरणों में यात्रा पूरी होगी। पहले चरण में न्याय यात्रा सिलीगुड़ी से बिहार में प्रवेश करेगी। अररिया-पूर्णिया के सीमांचल इलाके का भ्रमण करने के बाद राहुल गांधी झारखंड और पश्चिम बंगाल में जाएंगे। उसके बाद दूसरे चरण में फिर छत्तीसगढ़ के रास्ते सासाराम समेत अन्य जिलों में जाएगी। बिहार के बाद भारत न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी।



