विल्लुपुरम में बाढ़ का कहर, चक्रवाती तूफान फेंगल का असर जारी
चेन्नई: तमिलनाडु के विल्लुपुरम में बाढ़ का कहर जारी है, जबकि चक्रवाती तूफान फेंगल के प्रभाव से बनी कम दबाव की स्थिति सोमवार को कमजोर हो गई, जिसे भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ‘वेल मार्क्ड लो-प्रेशर एरिया’ में तब्दील होने की जानकारी दी। विल्लुपुरम और उसके आसपास के गांवों में मूसलधार बारिश और बाढ़ ने तबाही मचाई है, जिससे निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं।
विल्लुपुरम में विक्रवंडी और मुंडीअमपक्कम के बीच मुख्य पुल पर पानी खतरे के स्तर से ऊपर पहुंचने के कारण दक्षिणी रेलवे ने सुबह में इस प्रमुख रेलवे रूट पर परिचालन स्थगित कर दिया। इससे एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की सेवाएं रद्द, डायवर्ट और शॉर्ट टर्मिनेट की गईं।
विल्लुपुरम को तमिलनाडु के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है। वहीं, कुदालोर और धर्मपुरी जिले भी बाढ़ से प्रभावित हैं। कृष्णागिरी जिले में तो पिछले दो-तीन दशकों में सबसे भयंकर बाढ़ आई है, जिससे कई वाहन पानी में बह गए हैं।
आईएमडी ने बताया कि चक्रवाती तूफान फेंगल का अवशेष उत्तरी तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी पर बनकर कमजोर हो गया है, और यह 3 दिसंबर तक केरल और कर्नाटका के तटों के पास समुद्र में उभरने की संभावना है।


