
रांची के डुमरदगा स्थित बाल सुधार गृह में सोमवार की शाम बंदियों के दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें तीन बाल बंदी घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारपीट की सूचना मिलने के बाद सदर थाना, खेलगांव थाना और मेसरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मामला शांत हुआ। मारपीट के दौरान स्थिति अनियंत्रित हो गई थी। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के लिए उन्हें रोक पाना मुश्किल था। बताया जा रहा है कि इस बार वर्चस्व के लिए दोनों गुट भिड़ गए। बताया जा रहा है एक गुट के बाल बंदी ने दूसरे गुट से जबरन सामान की मांग की। नहीं देने पर दोनों गुटों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों गुट की ओर से चेयर, टेबल से लेकर लाठी डंडे चलने लगे। इससे अफरा-तफरी मच गई। हालत ऐसे बने कि कोई भी सुरक्षाकर्मी अंदर जाने को तैयार नहीं थे। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने सदर थाने को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। भीतर जाकर उपद्रव मचा रहे बाल बंदियों के साथ सख्ती बरती। इसके बाद दोनों गुट के लोग शांत हुए। वहीं पुलिस की टीम ने घायल तीन बाल बंदियों को आनन-फानन में RIMS पहुंचाया। जहां तीनों इलाजरत हैं। इस मामले में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पहले गैंगवार जैसी हुई थी मारपीट :
रांची के डुमरदगा बाल सुधार गृह में 22 फरवरी को अहले सुबह लगभग पांच बजे बंदियों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई है। यह घटना गैंगवार जैसी थी।ञ इसके कारण करीब आधा दर्जन से ज्यादा बंदी गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इन्हें इलाज के लिए RIMS भेजा गया था। बताया जा रहा है कि एक बाल बंदी गैंग का लीडर है। उसके गैंग के साथ नये बंदियों की बहस के बाद मारपीट हुई। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। कुछ बाल बंदियों को दूसरे रिमांड होम में शिफ्ट किया गया था। मगर अधिक उम्र वाले बाल बंदियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Source : Dainik Bhaskar



