जगतपुरवा मोड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। घायलों की पहचान अफजाल अंसारी और परवेज आलम के रूप में हुई है। दोनों युवक पेशे से ट्रक मैकेनिक बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अफजाल अंसारी लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के मुरुबार गांव का रहने वाला है। परवेज आलम रंका का निवासी है और अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। दोनों किसी काम से पड़वा मोड़ की ओर जा रहे थे। उसी दौरान सड़क पिचिंग के लिए सामग्री ले जा रही हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर दोनों हेलमेट भी पड़े मिले। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों ने सुरक्षा साधन पहन रखे थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को लेस्लीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए एमएमसीएच रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हाइवा और बाइक को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।


