‘छोटी-छोटी दुकान बंद कर एक जगह आ जाना चाहिए’ विलय की बात पर बोले Lalan Singh- इसमें गलत क्या
जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने महागठबंधन से रिश्ता तोड़ लिया है। जीतन राम मांझी के बेटे और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने नीतीश कैबिनेट के मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद आज सुबह से ही राजधानी पटना में हलचल बनी रही। संतोष कुमार सुमन की तरफ से हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को जेडीयू में विलय करने की बात कही गई। हालांकि उन्होंने यह बात नहीं कही कि जेडीयू में हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के विलय का ऑफर उन्हें किसकी तरफ से दिया गया। उन्होंने नवभारत टाइम्स डॉट कॉम से बात करते हुए यह बात जरूर कहा कि उनके ऊपर पार्टी का विलय करने का दबाव था।
विलय का ऑफर दिया तो गलत क्या: ललन सिंह
जब इस बारे में जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि इसमें गलत क्या है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को उनकी तरफ से विलय का ऑफर दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव उन्होंने जीतन मांझी के सामने रखा था कि छोटी-छोटी दुकान बंद कर एक जगह आ जाना चाहिए। लेकिन उन्होंने यह बात नहीं मानी। संतोष कुमार सुमन के कैबिनेट से इस्तीफा देने पर बात करते हुए ललन सिंह ने कहा कि इस्तीफा देने के पीछे उन्होंने लेटर लिखकर यह बताया है कि वो निजी कारणों से कैबिनेट के मंत्री पद से इस्तीफा दे रहे हैं। इसके बाद उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने किया विलय से इनकार
इसके पहले संतोष कुमार सुमन ने कहा कि जेडीयू की तरफ से उनकी पार्टी को ब्लैक कर विलय का ऑफर लगातार दिया जा रहा था। इसके लिए उन पर दबाव बनाया जा रहा था। इससे तंग आकर उन्होंने नीतीश कुमार की कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा अब अकेले संघर्ष करेगी।



