झारखंड सचिवालय घेराव के लिए आगे बढ़ रहे BJP कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज, कई सांसद-विधायक घायल
बीजेपी की ओर से आयोजित सचिवालय घेराव कार्यक्रम में उस समय भगदड़ मच गई, बैरिकेटिंग तोड़ कर जबरन आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। कार्यक्रम के अनुसार रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में राज्यभर के बीजेपी कार्यकर्ता एकत्रित हुए। इस मौके पर आयोजित सभा को पार्टी के वरिष्ठ नेता और तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास ने संबोधित किया। सभा समाप्त होने के बाद बीजेपी कार्यकर्ता सचिवालय घेराव के लिए धुर्वा गोलचक्कर की ओर चल पड़े। गोल चक्कर से पहले ही बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। जब नेता और कार्यकर्ता गोल चक्कर से आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे तब पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की।




