श्री महावीर मंडल की आमसभा:नहीं खुला कार्यालय का ताला, जय सिंह गुट महावीर चौक, राजीव रंजन गुट बड़ा तालाब पर कर रहा बैठक

रांची के श्री महावीर मंडल के नेतृत्व को लेकर दो गुट खुलकर आमने-सामने आ गए हैं। दो गुटों ने एक ही दिन एक ही समय में दो अलग-अलग स्थानों पर आम सभा बुलाई गई है। रविवार को जय सिंह यादव गुट महावीर चौक पर बैठक कर रहा है। वहीं राजीव रंजन मिश्रा गुट ने बड़ा तालाब के समीप आम सभा बुलाई है। इस बैठकों में शहर के विभिन्न अखाडों के अखाड़ाधारियों के सहित कुल 634 सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। दोनों ही गुटों की आम सभा 11 बजे से शुरू हुई है। 93 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार देखने को किया है।
पिछले चार सालों से महावीर मंडल का नेतृत्व कर रहे जय सिंह यादव ने कहा कि जिला प्रशासन ने कार्यालय नहीं खोला। इस कारण बीच सड़क पर ही टेंट लगा कर आमसभा की जा रही है। जय सिंह यादव द्वारा बुलाए गए आम सभा में करीब 100 लोग जुटे हैं। नेतृत्व परिवर्तन की मांग को लेकर साल 2020 से मंडल दो गुटों में बंट गया।
मंडल के ही कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने अलग होकर नई कार्यकारिणी का गठन कर लिया। आपसी विवाद बढ़ने कीी आशंका को देखते हुए प्रशासन ने महावीर चौक स्थित कार्यालय में ताला जड़ दिया। इसके बाद दोनों ही गुट अलग-अलग जगहों पर अपनी आमसभा की कार्यवाही पूरी कर रहे हैं। दोनों गुटों की ओर से आयोजित बैठक में नई कार्यकारिणी के नेतृत्व को लेकर निर्णय होगा।
Source : Dainik Bhaskar


