स्कूल हॉस्टल में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप, प्रबंधन बता रहा सुसाइड
रांची के मांडर स्थित सेंट जॉन्स हाई स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले आठवीं के छात्र युवराज पासवान (14) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर बवाल खड़ा हो गया है। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर लाश कैंपस स्थित कुएं में डाल दी गई। जबकि, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि उसने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली।

पैतृक गांव में छात्र का किया गया अंतिम संस्कार
मंगलवार को गम और गुस्से के बीच छात्र के शव का अंतिम संस्कार चतरा जिला स्थित उसके पैतृक गांव हंटरगंज थाना क्षेत्र के कांशी केवाल में कर दिया गया। उसके परिजनों ने हॉस्टल के इंचार्ज ब्रदर राजेश बारला, प्रिंसिपल ब्रदर सुबोध कच्छप और छात्र के दो सहपाठियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
हॉस्टल प्रबंधन की ओर से फोन कर परिजनों को बुलाया गया
युवराज पिछले पांच सालों से इस स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके भाई विवेकानंद कुमार ने बताया कि रविवार की रात स्कूल के हॉस्टल इंचार्ज ब्रदर राजेश ने रात करीब 10 बजे फोन कर जल्द स्कूल पहुंचने को कहा। वजह पूछने पर कुछ जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद सोमवार सुबह एक बार फिर उन्होंने फोन किया और बताया कि युवराज पासवान ने रविवार रात कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली है।



