झारखंड पुलिस में तैनात एक हवलदार की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। यह घटना बिहार के आरा जिले के चांदी थाना क्षेत्र की है। मृतक की पहचान पशुपति नाथ तिवारी के रूप में हुई है। वे हजारीबाग जिले में चालक हवलदार के पद पर कार्यरत थे। हवलदार छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार वे शुक्रवार रात अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया गया। सुबह परिजन जब कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ शव मिला। गर्दन पर गहरे जख्म के निशान पाए गए। हत्या की बेरहमी देखकर लोग स्तब्ध रह गए।
बताया जा रहा है कि हवलदार जनवरी 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। परिवार में घटना के बाद कोहराम मच गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।



