रांची : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष का आयोजन बड़े हर्षोल्लास से किया जा रहा है। इस समारोह को ‘स्वाभिमानी बिरसा-2025’ शीर्षक से मनाया जा रहा है।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखी जा रही है। मुख्य कार्यक्रम 14 और 15 नवंबर को आयोजित होगा। लेकिन उससे पहले की ‘जन-जातीय गौरव यात्रा’ ने माहौल को उल्लास से भर दिया।
यह यात्रा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से शुरू हुई और डोंबारी बुरु शहीद स्थल पर समाप्त हुई। इस यात्रा में छात्रों ने जनजातीय नायकों के इतिहास और संस्कृति को करीब से समझा।
यात्रा का नेतृत्व डॉ. केबी सिंह ने किया। उनके साथ डॉ. आलोक गुप्ता, डॉ. शशांक कुलकर्णी, डॉ. सौमेन डे और डॉ. अरविंद लाल भी मौजूद रहे। बिरसा के वंशज सुखराम मुंडा ने युवाओं को उनके विचारों से प्रेरित किया।



