दमिश्क: इजरायली हवाई हमले में हिज़बुल्लाह नेता का दामाद मारा गया.
दमिश्क, 4 अक्टूबर: इजरायल द्वारा बुधवार को दमिश्क के माज़ेह वेस्टर्न विला क्षेत्र में किए गए हवाई हमले में दो लेबनानी नागरिक मारे गए। मरने वालों में हिज़बुल्लाह के दिवंगत नेता सैय्यद हसन नसरल्लाह के दामाद हसन जाफर क़सीर भी शामिल हैं।
इस हमले की जानकारी युद्ध पर नजर रखने वाले संगठन “सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स” ने दी है।
यह हमला तीन मंजिला इमारत के पहले तल पर हुआ, जिसे हिज़बुल्लाह और ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के नेता इस्तेमाल करते थे। इस हमले में तीन लोग मारे गए, जिनमें से दो गैर-सीरियाई थे। कम से कम चार अन्य घायल हुए हैं, जिनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
सीरियाई रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस हवाई हमले में तीन नागरिक मारे गए और तीन अन्य घायल हुए हैं। मंत्रालय ने बताया कि यह हमला इजरायल के कब्जे वाले गोलन हाइट्स से किया गया था।
इजरायल ने इससे पहले 27 सितंबर को बेरूत में एक हवाई हमले में हिज़बुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह को मार गिराया था।
यह इस सप्ताह क्षेत्र में दूसरा इजरायली हवाई हमला है। इससे पहले मंगलवार को इजरायल ने एक और स्थान को निशाना बनाया था, जिसमें तीन लोग मारे गए थे, जिनमें एक पत्रकार भी शामिल था, और नौ अन्य घायल हुए थे।



