
**धनबाद: लगातार बारिश से मैथन और पंचेत डैम में जलस्तर बढ़ा, पश्चिम बंगाल को जारी किया गया अलर्ट**
धनबाद: झारखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य की अधिकांश नदियां उफान पर हैं और डैमों में पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। विशेषकर धनबाद के मैथन और पंचेत डैम में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे आसपास के तटीय क्षेत्रों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के कारण झारखंड के सभी जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। तिलैया और कोडरमा डैम में पानी का स्तर बढ़ने से मैथन और पंचेत डैम का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। इस स्थिति को संभालने के लिए मैथन डैम के आठ और पंचेत डैम के छह फाटक खोल दिए गए हैं। इसके चलते पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, वर्धमान और अन्य निचले इलाकों को अलर्ट किया गया है।
डीवीसी के कार्यपालक निदेशक अंजनी कुमार दुबे ने बताया कि तिलैया और कोडरमा डैम से अत्यधिक पानी छोड़े जाने के कारण मैथन और पंचेत डैम में पानी की मात्रा बढ़ गई है। मैथन डैम का जलस्तर 495 आरएलडी (रिडिंग) और पंचेत डैम का 425 आरएलडी को पार कर चुका है। स्थिति को देखते हुए मैथन डैम से एक लाख अस्सी हजार क्यूसेक और पंचेत डैम से एक लाख सत्तर हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है, कुल मिलाकर ढाई लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है।
इस बीच, मैथन और पंचेत डैम में फाटक खोले जाने के कारण पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है, जो डैम के मनमोहक दृश्य देखने और फोटो खींचने के लिए पहुंच रहे हैं।
रांची के गेतलसूद डैम का जलस्तर भी भारी बारिश के कारण बढ़ गया है, और इसके दो गेट, नंबर 4 और 5, सोमवार रात से खोल दिए गए हैं।



