
रामगढ़: बारिश का फायदा उठाकर चोरों ने एटीएम लूटा, पुलिस कर रही जांच
रामगढ़ जिले में पिछले 72 घंटों की बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। इसका फायदा उठाते हुए कुजू थाना क्षेत्र के तोपा बाजार में चोरों ने एसबीआई के एटीएम को निशाना बना लिया।
चोरों ने सबसे पहले एटीएम के शटर में लगे लॉक को काटा और फिर गैस कटर से एटीएम को काटकर उसमें रखा पूरा कैश उड़ा लिया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तहकीकात की और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर फिंगरप्रिंट्स का नमूना लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरों ने कितना कैश चुराया है, लेकिन एटीएम को काटकर पूरा पैसा ले भागे हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर कोई ठोस जानकारी नहीं दी। फॉरेंसिक टीम के गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और सीनियर अधिकारियों से बात करने की सलाह दी।
थाना प्रभारी दिगंबर पांडे ने बताया कि घटना देर रात दो से तीन बजे के बीच हुई। एटीएम संचालक कंपनी से संपर्क किया गया है, लेकिन कितना कैश था और सीसीटीवी फुटेज के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस तकनीकी रूप से पूरी घटना की छानबीन कर रही है और कंपनी की ओर से आवेदन का इंतजार किया जा रहा है।



