झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से, 27 फरवरी को पेश होगा बजट, पक्ष-विपक्ष के विधायकों ने बनाई रणनीति
झारखंड विधानसभा का बजट सत्र आज शुक्रवार 23 फरवरी से शुरू हो रहा है। लोकसभा चुनाव घोषणा के पहले चंपाई सोरेन सरकार 27 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट पेश करेगी। बजट सत्र को लेकर स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक की। वहीं बीजेपी ने भी सत्र को लेकर पार्टी विधायकों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई। जबकि सीएम चंपाई सोरेन की अध्यक्षता में भी सत्तारूढ़ कांग्रेस-आरजेडी-जेएमएम विधायकों की बैठक हुई।
कांग्रेस के नाराज चल रहे विधायक बजट सत्र में लेंगे हिस्सा
उधर नाराज चल रहे कांग्रेस विधायक भी रांची लौट आये है। दिल्ली से झारखंड आने के बाद विधायको ने कहा कि वो कांग्रेस के सच्चे सिपाही है, पार्टी के निर्देश पर बजट सत्र में शामिल होंगे। इन नाराज विधायकों ने 17 फरवरी को कांग्रेस आलाकमान से मिलकर कांग्रेस कोटे से बने मंत्रियों को हटाने और उनकी जगह चार नये मंत्री बनाने की मांग रखी थी। कांग्रेस महासचिव और संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल के कहने पर ये सभी विधायक लौट आये हैं। विधायकों का कहना है कि आलाकमान की ओर से कहा गया है कि चारों मंत्रियों के परफॉर्मेंस देखा जाएगा और उन्हे कांग्रेस के विधायकों और संगठन में सहयोग करने को भी कहा जाएगा। कांग्रेस विधायक दल की बैठक 26 फरवरी को होगी। अभी कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम राज्य के बाहर है वो 25 फरवरी को लौटेंगे उसके बाद विधायक दल की बैठक होगी।
हेमंत सोरेन को बजट सत्र में शामिल होने की नहीं मिली अनुमति
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बजट सत्र में भाग लेंगे की अनुमति नहीं मिली है। रांची स्थित पीएमएलए कोर्ट ने हेमंत सोरेन की याचिका को खारिज कर दिया। हेमंत सोरेन की ओर से महाधिवक्ता ने कोर्ट में कहा है कि बजट सत्र में मनी बिल पास होता है, इसलिए हेमंत सोरेन का रहना जरूरी है। लेकिन अदालत ने हेमंत सोरेन की याचिका खारिज कर दी।



