ईडी पूछताछ के बाद बोले हेमंत- यह षड्यंत्र है
रांची के बड़गाईं अंचल के जमीन घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को ईडी की पूछताछ करीब सात घंटे तक चली। पूछताछ पूरी होने के बाद सीएम सोरेन अपने आवास से निकले और बाहर जमा समर्थकों से कहा कि वे किसी से डरने वाले नहीं हैं। हर वाजिब सवाल का जवाब दिया जाएगा। हेमंत सोरेन ने कहा- वे (भाजपा) षड्यंत्र के जाल बिछा रहे हैं। सरकार बनाने के बाद राज्य के सर्वागीण विकास के साथ-साथ हम लोग इनके षड्यंत्रकारी जालों को कुतरकर आगे बढ़ रहे हैं… अब उनके ताबूत पर हम लोग आखिरी ठोकेंगे.. आप घबराइए मत… हेमंत सोरेन हर एक कार्यकर्ता के साथ खड़ा रहेगा।’ उन्होंने समर्थन जताने के लिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया।
गोलियां का सामना आपका नेता सबसे पहले करेगा
हेमंत सोरेन ने अपने आवास के बाहर खड़े अपने समर्थकों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि वह डरे नहीं हैं और ‘गोलियों का सामना सबसे पहले’ वह करेंगे। हेमंत सोरेन ने अपने समर्थकों से कहा- यह मेरे खिलाफ साजिश रची गई है, लेकिन षड्यंत्रकारियों के ताबूत में आखिरी कील ठोकेंगे… हम डरेंगे नहीं, गोलियों का सामना आपका नेता सबसे पहले करेगा और आप अपना मनोबल ऊंचा रखें।’ उन्होंने कहा-‘‘मैं आपके अटूट समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद देता हूं। हेमंत सोरेन पार्टी के हर कार्यकर्ता के साथ खड़ा रहेगा।’
ईडी की टीम ने बंद कमरे में 7 घंटे से अधिक पूछताछ की
इसके पहले ईडी के अफसरों की टीम शनिवार को करीब एक बजे कांके रोड स्थित सीएम आवास पहुंची थी। यहां उनसे बंद कमरे में 7.25 बजे तक पूछताछ हुई। ईडी के अफसर बड़गाईं अंचल में डीएवी बरियातू के पीछे स्थित 8.46 एकड़ जमीन से संबंधित दस्तावेज लेकर पहुंचे थे। इन्हें दिखाकर सीएम से कई सवाल पूछे गए। इसके अलावा सीएम से उनके और उनके परिजनों की ओर से अर्जित संपत्ति के बारे में जानकारी मांगी गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि ईडी ने सीएम से करीब एक दर्जन सवाल पूछे। अफसरों ने सीएम का जो बयान दर्ज किया है, उसका दस्तावेजों के साथ मिलान किया जाएगा। इसके बाद एक बार फिर उनसे पूछताछ हो सकती है।



