Uncategorized

1500 से कम खर्च पर धनबाद के इन पर्यटक स्थलों पर मनाए पिकनिक, जानें नववर्ष को लेकर क्या है खास तैयारी

धनबाद में कई पर्यटन स्थल हैं जहां लोग नए साल का जश्न मनाने के साथ सालों भर प्रकृति की सुंदरता को निहारने पहुंचते हैं। इनमें मैथन डैम, भटिंडा, फॉल, तोपचांची झील और बिरसा मुंडा पार्क प्रमुख है। धनबाद के मैथन डैम में भी 1 जनवरी से लेकर पूरे महीने में बड़ी संख्या में पर्यटकों की भीड़ उमड़ती है। नए साल में 25 हजार से अधिक पर्यटकों के मैथन डैम पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए है। बोटिंग स्थल, डैम, मिलेनियम पार्क, फ्लावर गार्डन और स्पोर्ट्स हॉस्टल के आसपास पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मैथन डैम सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पुलिस फोर्स के साथ मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहेंगे। वहीं मैथन डैम में सीआईएसएफ के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यहां आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

सूर्यास्त के बाद बोटिंग पर रोक

प्रशासन की ओर से बोट संचालकों को सूर्यास्त के बाद नौका नहीं चलाने एवं बोटिंग करने वालों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पार्किंग, ईव टीजिंग, साफ सफाई तथा अन्य बिंदुओं को लेकर दिशा निर्देश दिए हैं।

प्रकृति की गोद में बसा है भटिंडा फॉल

झारखण्ड राज्य प्राकृतिक ख़ूबसूरती और संसाधन के लिए जाना जाता है। इस राज्य में कई सारे धार्मिक और प्राकृतिक स्थल है उन्हीं में से एक है धनबाद का भटिंडा फॉल। भटिंडा फॉल धनबाद शहर से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर है। यह स्थल पिकनिक मनाने के लिए सबसे अच्छे स्थानों में से एक है। भटिंडा फॉल की सुंदर वादियां लोगों को काफी आकर्षित करती है। जलप्रपात की ख़ूबसूरती मानसून के बाद देखने को मिलती है। आसपास के हरे भरे पेड़ पौधे इसकी ख़ूबसूरती में चार चाँद लगाते हैं। भटिंडा फॉल बहुत बड़े भाग में कई सारे छोटे-छोटे झरने के रूप में गिरते हैं। कई स्थान पर चट्टानों से गिरता पानी बहुत ही अच्छा दिखाई देता है। यहां आनेवाले सैलानियों की सुविधा के लिए सीढियां, छोटी- बड़ी छतरियां, वाहन स्टैंड और बच्चों के लिए बने झूले, सुलभ शौचालय, चेंजिंग रुम बनने से यहां की खूबसूरती में और निखार आ गया है। यहां की देख रेख और रख रखाव की व्यवस्था विनोद बिहारी महतो स्मारक समिति संभालती है।

पर्यटन स्थलों में तोपचांची झील की अपनी विशेष पहचान

पर्यटन स्थलों में तोपचांची झील की अपनी विशेष पहचान है। मनोरम पहाड़ियों की गोद में बसी इस झील की नैसर्गिक दृश्य देश भर में विख्यात है। इसकी नैसर्गिक सुंदरता को देखने के लिए सालों भर यहां पर्यटकों का तांता लगा रहता है।नववर्ष में यहां पर्यटकों की काफी भीड़ जुटती है। झील की सुंदरता का कायल केवल पर्यटक ही नहीं, बल्कि सायबेरियन पक्षी भी है, जो इस वर्ष समय से पहले ही झील में पहुंचकर अपना डेरा जमा चुका है। झील में कलरव करते ’साइबेरियन पक्षी’ को देखकर मन आनंदित हो उठता है। तोपचांची झील नेशनल हाइवे से बिल्कुल सटा हुआ है, धनबाद से इसकी दूरी महज 35 किलोमीटर है। धनबाद से सड़क मार्ग से पर्यटक यहां आराम से पहुंच सकते हैं, वहीं रेल मार्ग से आनेवाले पर्यटकों को गोमो स्टेशन उतरना पड़ेगा। वहां से टेंपो के माध्यम से पर्यटक आठ किलोमीटर की दूरी तय कर यहां पहुंच सकते हैं।

21 एकड़ में फैला है बिरसा मुंडा पार्क

धनबाद का बिरसा मुंडा पार्क धनबाद का एक मात्र ऐसा पार्क है जहां की सुंदरता पर्यटकों को खूब लुभाती है। 21 एकड़ जमीन पर फैले हुए इस पार्क में अवकाश क्षेत्र, खेल क्षेत्र, खिलौना ट्रेन, बच्चों के लिए विभिन्न सवारी, कैंटीन और विभिन्न प्रजातियों के पौधे हैं। 1 जनवरी 2010 को ऐतिहासिक क्षण था, जब नए खुले पार्क में नए साल का जश्न मनाने के लिए पार्क में दस हजार लोग इकट्ठा हुए थे। आज भी यहां न्यू ईयर सेलिब्रेशन धूमधाम से मनाया जाता है।बिरसा मुंडा पार्क त्योहारी सीज़न और छुट्टियों के दौरान सैलानियों से भरा रहता है। पार्क के प्रमुख आकर्षणों में से टॉय ड्रैगन ट्रेन की सवारी बच्चों के बीच बहुत पसंदीदा है। यहां वॉक वे, अवकाश क्षेत्र, भूल भुलैया, हरे लॉन, कैंटीन और बच्चों के लिए कई सवारी हैं। बिरसा मुंडा पार्क धनबाद के हर वर्ग के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है। पार्क में एंट्री के लिए एक निर्धारित शुल्क प्रति व्यक्ति से लिया जाता है। यह राशि पार्क के मेंटेन्स में खर्च की जाती है. पार्क नगर निगम के अधीन संचालित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button