Uncategorized

प्रोपर्टी विवाद और आर्थिक तंगी से उठाया यह खौफनाक कदम, पत्नी के सुसाइड नोट से हुआ खुलासा

राजस्थान के बीकानेर में गुरुवार को कर्ज से परेशान एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने मौत को गले लगा लिया। घटना के बाद बीकानेर में सनसनी फैल गई। इस दौरान आज शुक्रवार को सभी शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इधर, पुलिस की प्राथमिक जांच में मृतक हनुमान सोनी का अपने परिवार से प्रॉपर्टी विवाद होने की बात सामने आई है। इसके कारण हनुमान सोनी अपने माता-पिता के परिवार से दूर किराए के मकान में रहता था। उनका अपने माता पिता के परिवार से कोई संबंध नहीं बताया जा रहा है।

अकेले में रहता था मृतक का परिवार

बीकानेर के अंत्योदय नगर में गुरुवार दोपहर इसी परिवार के पांच सदस्यों के सुसाइड करने का मामला सामने आया था। आशंका है कि मृतक हनुमान सोनी के परिवार ने दो दिन पहले सुसाइड कर लिया। लेकिन इस घटना की किसी को जानकारी नहीं लगी। बाद में जब मकान मालिक किराया लेने के लिए उनके घर पहुंचा तो, शंका होने पर पुलिस को बुलाया। इस पर पुलिस ने मकान का गेट तोड़कर भीतर प्रवेश किया। तब परिवार के पांच लोगों के शवों को देखकर सबके होश उड़ गए। जांच में सामने आया कि मृतक हनुमान और उसकी पत्नी पड़ोस में किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे। उनका परिवार आसपास के लोगों से कटे कटे नजर आते थे।

सुसाइड नोट से प्रॉपर्टी विवाद का हुआ खुलासा

घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस को मृतक हनुमान की पत्नी विमला सोनी का लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला। इसमें प्रॉपर्टी विवाद की बात सामने आई। सुसाइड नोट में बताया कि सास- ससुर, जेठ-जेठानी और भाई की ओर से प्रॉपर्टी बंटवारे में धोखाधड़ी की गई। साथ ही 50 लाख रुपए हड़पने का भी आरोप लगाया। सुसाइड नोट में आरोप लगाया कि ससुराल के लोगों को रुपए उधार दिए थे। उनका परिवार आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। इसके बावजूद भी ससुराल के लोगों ने पैसे नहीं लौटाए।

कर्ज बढ़ा तो, खुद का मकान बेचा

पुलिस जांच में सामने आया कि हनुमान सोनी अंत्योदय नगर में जिस मकान में किराए से रहता था। उसी के पास में उसका खुद का मकान था। लेकिन आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते उसने यह मकान बेच दिया। जिससे उसने अपना कर्ज भी चुकाया। लेकिन बाद में उसकी देनदारी एक बार फिर बढ़ गई। इधर, हनुमान के परिजन उसकी उधार दी गई राशि को नहीं लौटा रहे थे। इसके कारण हनुमान और उनका परिवार आर्थिक तंगी से काफी परेशान था। उधर, घटना के बाद हनुमान सोनी के साले दिलीप सोनी ने मुक्ता प्रसाद नगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ उसकी बहन-बहनोई और भांजा-भांजी को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button