झारखंड: प्रेमिका के लिए भाई को गला घोंट कर मार डाला था, पाकुड़ मर्डर केस का खुलासा
पाकुड़: नवयुवक की हत्या कर कुआं में लाश फेंक देने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। 27 अक्टूबर को पाकुड़ ज़िला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सरायढेला निवासी बुधु रजवार (63) के आवेदन पर ये केस दर्ज किया गया था। इस मामले में रंजीत रजवार (19) नाम के युवक की हत्या कर साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को बंशीकाटा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पीछे कुआं में फेंक दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी आकाश रजवार (19) और बरहरवा थाना क्षेत्र के जियालमारी निवासी राहुल रजवार (20) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने कबूल किया कि रंजीत रजवार की हत्या उसकी ही फूल शर्ट की आस्तीन से गला घोंट कर की गई थी। घटना का कारण आकाश रजवार की बहन से रंजीत का प्रेम संबंध बताया जाता है। वारदात की शाम तीनों मेला देखने साथ गए थे। इसके बाद रंजीत की लाश कुएं से बरामद हुई थी।




