मंईयां सम्मान योजना की दूसरी किस्त जारी: सीएम ने पोडियम पर वॉक करते हुए पूछा – ‘आगे हमें याद रखिएगा?’

बोकारो: मंईयां सम्मान योजना की दूसरी किस्त जारी, सीएम ने पूछा- ‘आगे हमें याद रखिएगा?
बोकारो: राज्य सरकार ने बोकारो के ललपनिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंईयां सम्मान योजना की दूसरी किस्त के तहत 3 अरब 22 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने करम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि आज से महिलाओं के खातों में दूसरी किस्त की राशि मिलनी शुरू हो जाएगी।
सीएम ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने मंच पर बने पोडियम पर टहलते हुए भाषण दिया और मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने पहुंचीं महिलाओं से पूछा, “आपलोग का आशीर्वाद हम पर है ना? आशीर्वाद रहेगा? आगे हमें याद रखिएगा कि नहीं।”
कोरोना महामारी के दौरान उपजे हालात का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि कोरोना ने सब कुछ रोक दिया था, लेकिन उनकी सरकार ने सबको बचाया और दूसरे प्रदेशों से लाया। उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्यों में शवों को जलाने के लिए लकड़ी तक खत्म हो गई थी, लेकिन झारखंड में ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसके लिए कीमत भी चुकानी पड़ी और दो मंत्री को कोरोना का शिकार होना पड़ा।
सीएम ने चुनाव के दौरान लोगों को आगाह किया कि कुछ लोग धर्म के नाम पर भ्रम फैलाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनावी लड़ाई में वे इन्हें ऐसी पटखनी देंगे कि ये लोग झारखंड में दोबारा खड़ा नहीं हो पाएंगे। सीएम ने कहा कि जेल और गोलियों से वे डरते नहीं हैं और आने वाले दिनों में ऐसी चीजें सामने आएंगी लेकिन उनकी सरकार पीछे नहीं हटेगी।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि जिन घरों में तीन बेटियां और मां-बाप हैं, वहां हर साल 60 हजार रुपये सरकार पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में हर परिवार को एक-एक लाख रुपये देने की योजना है।



