Uncategorized

PM कैंडिडेट, सीटों का बंटवारा… I.N.D.I.A की मुंबई बैठक में क्या होने वाला है, 10 पॉइंट्स में जानिए

2024 के लोकसभा चुनाव में अभी वक्त है लेकिन भाजपा कमजोर सीटों पर जल्दी प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में है। उधर, कांग्रेस की अगुआई में बना विपक्षी मोर्चा I.N.D.I.A तीसरी बैठक करने जा रहा है। इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस गुरुवार और शुक्रवार को मंथन करेगा। पहली बैठक पटना और दूसरी बैठक बेंगलुरु में हुई थी। हाल के कुछ हफ्तों में राहुल गांधी की पीएम दावेदारी, नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षा, केजरीवाल की अलग राह जैसे मसलों को लेकर सियासी गलियारों में काफी कुछ कहा और सुना गया। सवाल उठे कि क्या AAP पंजाब और दिल्ली में सीटें छोड़ने के लिए तैयार होगी? बताया जा रहा है कि मुंबई मीटिंग में यह विपक्षी मोर्चा 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने में आगे कदम बढ़ाएगा। इधर, बैठक से ठीक पहले सरकार ने गैस सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की। I.N.D.I.A की प्रमुख नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि अब तक गठबंधन ने दो महीने में केवल दो बैठकें की हैं और आप देखिए एलपीजी की कीमतों में 200 रुपये की कमी की गई है। यह I.N.D.I.A की पावर है। आइए जानते हैं कि जब कई राज्यों में विधानसभा चुनाव करीब हैं, इस विपक्षी बैठक में किन-किन मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इसका एजेंडा क्या होगा?

लोगो, सीटों का बंटवारे पर होगा फोकस

1. यह बैठक उपनगरीय मुंबई के एक लग्जरी होटल ग्रैंड हयात में होगी। पिछली बैठकें पटना और बेंगलुरु में हुई थीं।

2. RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पहले ही मुंबई पहुंच चुके हैं।

3. यह बैठक मणिपुर मुद्दे पर संसद में मोदी सरकार के खिलाफ विपक्षी गुट के अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद हो रही है। प्रस्ताव गिर गया था।

4. राज्यों में सीटों का बंटवारा इस बार के एजेंडे में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है।

5. दो दिवसीय बैठक के बाद I.N.D.I.A का एक नया लोगो जारी किए जाने की संभावना है।

6. कुछ और दलों को शामिल करने पर भी चर्चा की जाएगी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्षी गुट के विस्तार का संकेत दिया है।

विपक्ष का पीएम कैंडिडेट कौन?

7. कांग्रेस नेता पी. एल. पुनिया ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में विपक्ष की जीत के बाद ही प्रधानमंत्री का चुनाव किया जाएगा। निर्वाचित सांसद अपना प्रधानमंत्री चुनेंगे।

8. मुंबई कांग्रेस राहुल गांधी को सम्मानित करेगी क्योंकि उन्हें सांसद के रूप में बहाल किया गया है।

9. महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि राज्य में सीटों के बंटवारे को लेकर कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘एमवीए में सीटों के लिए कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। यहां तक कि उद्धव ठाकरे ने भी स्पष्ट किया है कि सीटों का बंटवारा योग्यता के आधार पर किया जाएगा।’ नाना पटोले ने कहा कि हमारा लक्ष्य मोदी सरकार को हराना है।

10. भाजपा के नेता दावा कर रहे हैं कि विपक्ष के गुट में कई पीएम उम्मीदवार हैं। शहजाद जयहिंद ने हाल में कहा था कि कांग्रेस ने मुंबई बैठक से पहले राहुल गांधी के चेहरे को एलायंस के चेहरे के तौर प्रोजेक्ट किया। बघेल और गहलोत बोल चुके हैं। भाजपा का सवाल है कि केजरीवाल, शरद पवार, ममता, नीतीश, अखिलेश आदि का क्या होगा? इस पर विपक्षी गुट को बड़ा संदेश देना होगा।
11. राजद के नेता मनोज झा ने कहा है कि मुंबई की बैठक में मौजूदा सरकार की नीतियों का एक प्रगतिशील विकल्प लाने के लिए स्पष्ट रूपरेखा पेश की जाएगी।

12. विपक्षी गठबंधन अपने घटक दलों के बीच समन्वय के लिए एक सचिवालय की घोषणा कर सकता है। गठबंधन की अगुवाई करने के लिए एक संयोजक या अध्यक्ष के मुद्दे पर भी बात हो सकती है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संयोजक पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी गठबंधन का प्रमुख नियुक्त किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button