धनबाद : सरायढेला स्थित सावित्री हॉस्पिटल में गुरुवार को भारी हंगामा हुआ। एक महिला मरीज की मौत के बाद उसके परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी। मृतका की पहचान बोकारो के चंद्रपुरा की रहनेवाली 22 वर्षीय शीलू कुमारी के रूप में हुई है।
शीलू को मंगलवार को प्रसव पीड़ा के कारण भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने ऑपरेशन से बच्ची का जन्म कराया। इसके बाद उसे अचानक अत्यधिक ब्लीडिंग होने लगी। डॉक्टरों ने उसे एसएनएमएमसीएच रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन शव लेकर हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया और जमकर गाली-गलौज की। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर और स्टाफ मौके से भाग निकले।
सूचना पर सरायढेला थाना पुलिस पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। परिजनों का कहना है कि समय पर इलाज न मिलने से मौत हुई। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार किया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



