बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा, टेंपो में कैंटर ने पीछे से मारी टक्कर, बच्ची और महिला की घटनास्थल पर ही मौत
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है। यहां पर तेज रफ्तार कैंटर ने आगे चल रही टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जिले के शिकारपुर क्षेत्र के रानऊ गांव के पास हुई है। दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में टेंपो में सवार सवार महिला और बच्ची शामिल है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतक महिला और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक और घायल अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के बताए जा रहे हैं।

कैंटर की टक्कर से टेंपो के दुर्घटनाग्रस्त होने और दो की मौत के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। मृतकों के परिजनों ने मेरठ-बदायूं-बुलंदशहर स्टेट हाईवे जाम कर किया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर एसपी देहात, एसडीएम, सीओ सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। इसके बाद एसपी देहात ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाना- बुझाना शुरू किया। जाम को खुलवाया गया। आरोप कैंटर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है।



