Uncategorized

झारखंड में आफत की बारिश के बीच बाढ़ की चेतावनी, कभी भी खोले जा सकते हैं पतरातू बांध के गेट

झारखंड के रामगढ़ जिले में सोमवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की गई। बढ़ते जलस्तर के कारण पतरातू बांध के गेट खोले जा सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार, गेट खुलने से नलकारी और दामोदर नदियों का जलस्तर बढ़ जाएगा, जिससे नदियों के किनारे बसे हुए निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है। अधिकारियों ने बताया कि सुबह 11 बजे बांध का जलस्तर 1,326.5 आरएल था और उसमें वृद्धि हो रही है। आमतौर पर जलस्तर के 1,328 आरएल होने पर गेट खोल दिए जाते हैं। पतरातू थर्मल पावर स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि हमने बांध की सुरक्षा को देखते हुए पानी छोड़ने के लिए फाटक खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने के आसार हैं।

रामगढ़ के उपायुक्त चंदन कुमार ने बताया कि बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है और लोगों को सूचित करने के लिए लाउडस्पीकर से घोषणा की जा रही है। उन्होंने कहा कि रजरप्पा मंदिर की प्रबंधन समिति को एहतियाती कदम उठाने के लिए कहा गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जिले के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को तैयार रखा गया है।

24 घंटे में अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की मौत

इधर, शनिवार से जारी आफत की बारिश के बीच अलग-अलग हादसों में 11 लोगों की जान चली गई है। वज्रपात, करंट, पानी की तेज धार में बहने, मकान गिरने, पुल-पुलिया बहने की दो दर्जन से भी ज्यादा घटनाएं सामने आई हैं। पूरे राज्य में नदियां, डैम, जलप्रपात उफान पर हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 4 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।

सोमवार को रांची के हुंडरू फॉल में तेज धार के बीच नहाने उतरा एक युवक बह गया। युवक का नाम शुभम कुमार है, जो बिहार के राजगीर का रहने वाला था। वह अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ यहां घूमने आया था। इसी दौरान वह लोगों के मना करने के बावजूद जलप्रपात में उतरा और देखते-देखते बह गया। उसे बचाने की कोशिशें विफल रहीं। रांची शहर के हातमा इलाके में रविवार की शाम एक नाले की तेज धार में बह गए एक व्यवसायी देव प्रसाद का शव सोमवार को लगभग तीन किलोमीटर दूर मिसिरगोंदा के पास बरामद किया गया। देवप्रसाद बारिश के बीच हातमा सरईटांड़ पुलिया पार कर रहे थे, तब संतुलन बिगड़ने से नाले में गिरकर तेज धार में बह गए थे।

चाईबासा में कोयना नदी में डूबने से जोजोगुटू गांव निवासी बुधराम देवगम की मौत हो गई। बताया गया कि छोटानागरा शिव मंदिर के समीप कोयना नदी को पार करने की कोशिश के दौरान वह तेज धार में बह गया। पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत मायापुर गांव में बिजली के तार की चपेट में आने से कुलदीप साव नामक शख्स की मौत हो गई। कुलदीप साव अपने घर से निकलकर खेत की ओर गए थे। इसी दौरान वह बारिश की वजह से जमीन पर गिरे बिजली तार की चपेट में आ गए।

रविवार को जामताड़ा में वज्रपात से एक परिवार की महिला समेत चार लोगों की जान चली गई थी। बोकारो जिले में बारिश की वजह से दीवार गिरने से एक महिला की मौत हो गई। पलामू के नौडीहा बाजार के मायापुर की रहने वाली दो बच्चियों की मौत कल गांव के पास एक तालाब में डूब जाने से हो गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button