Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के होम्योपैथी और एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने उनके मासिक अनुदान में 2500 रुपए की बढ़ोतरी को स्वीकृति दे दी है। पहले इन इंटर्नों को मासिक 15,000 रुपए मिलते थे, जो अब बढ़कर 17,500 रुपए हो जाएंगे। यह बढ़ोतरी राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय में इंटर्नशिप कर रहे छात्रों पर लागू होगी।
सरकार का मानना है कि यह कदम मेडिकल क्षेत्र में इंटर्नशिप कर रहे युवाओं के लिए आर्थिक रूप से काफी मददगार साबित होगा। इंटर्नशिप के दौरान रहने, आने-जाने और प्रशिक्षण प्रक्रिया में काफी खर्च होता है, इसलिए यह आर्थिक सहायता उनके लिए राहत लेकर आएगी। राज्य सरकार ने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और युवाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में बड़ा निर्णय बताया है।
मेडिकल छात्रों और इंटर्न डॉक्टरों ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि आर्थिक सहयोग मिलने से पढ़ाई और प्रशिक्षण में ध्यान केंद्रित करना आसान होगा। सरकार को उम्मीद है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं में दक्ष और प्रेरित मानव संसाधन तैयार होंगे, जो भविष्य में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करेंगे।


