मुस्लिम बच्चे की पिटाई वाले वीडियो में टीचर कौन है? पिता क्या बोल रहे? हर बात जानिए
नेहा पब्लिक स्कूल में छोटे बच्चे की पिटाई का वीडियो पूरे देश को झकझोर गया। वीडियो में महिला टीचर एक मुस्लिम बच्चे को क्लास में खड़ा कर दूसरे बच्चों से थप्पड़ लगवा रही है। तृप्ता त्यागी नाम की यह महिला असल में उस स्कूल की प्रिंसिपल है। वीडियो में वह किसी से बात करती दिख रही हैं। कई आपत्तिजनक शब्द बोल रही है। वीडियो में अपशब्द भी सुनाई देते हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो शेयर होने लगा तो लोग कांप उठे। हैरान थे कि धर्म की नफरत ऐसी गहरी घर कर गई है कि स्कूल और छोटे-छोटे बच्चे भी शिकार हो रहे हैं। कई लोगों ने चिंता जाहिर की कि पीड़ित बच्चे के कोमल मन पर इस अपमान की छाप ताउम्र रह जाएगी। बच्चे के पिता का कहना है कि यह कोई हिंदू-मुस्लिम का मामला नहीं है। तृप्ता त्यागी का कहना है कि बच्चा होमवर्क करके नहीं लाया था, इसकी सजा दी। वीडियो एडिट करके फैलाया गया। पुलिस ने घटना की शिकायत दर्ज कर ली है। मुजफ्फरनगर के स्कूल कांड से जुड़े 5 बड़े अपडेट जानिए।
स्कूल के उस वीडियो में क्या है?

मुजफ्फरनगर के एक स्कूल का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर शेयर होना शुरू हुआ। एक महिला टीचर ने टेबल याद न करने पर बच्चे को उसके सहपाठियों से थप्पड़ लगवाए। विस्तार से पूरी रिपोर्ट पढ़ें
मुजफ्फरनगर न्यूज: पीड़ित बच्चे के पिता का छलका दर्द

मुजफ्फरनगर के वीडियो में दिख रहे बच्चे के पिता ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, ‘मेरा बेटा 7 साल का है। यह घटना 24 अगस्त की है। शिक्षक ने छात्रों से मेरे बच्चे को बार-बार पिटवाया। मेरे भतीजे ने वीडियो बनाया, वह किसी काम से स्कूल गया था… मेरे 7 साल के बच्चे को एक-दो घंटे तक प्रताड़ित किया गया। वह डरा हुआ है… यह कोई हिंदू-मुस्लिम का मामला नहीं है। हम चाहते हैं कि कानून अपना काम करे।’ विस्तार से पिता की बात पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आरोपी महिला टीचर का क्या कहना है

वीडियो में दिख रही महिला टीचर असल में नेहा पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल तृप्ता त्यागी हैं। उन्होंने ANI से बातचीत में अपना पक्ष रखा। त्यागी ने बताया, ‘वीडियो को एडिट करके वायरल किया गया है। हमारे यहां हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के साथ रहते हैं। हमारे स्कूल में कई छात्र मुस्लिम हैं, उस दिन वह बच्चा अपना होमवर्क करके नहीं लाया था और बच्चे के परिजनों के तरफ से कहा गया था कि इसपर सख्ती बरतें। मैं विकलांग हूं इसलिए मैंने अन्य 2-3 छात्रों से पिटाई करवाई ताकि वह होमवर्क कर ले क्योंकि परीक्षा आने वाली है। वह 2 महीने से अपना होमवर्क नहीं करके आ रहा था। मैंने वायरल वीडियो में कहा था मुहम्मदन मां को अपने बच्चों को उनके मामा के घर नहीं ले जाना चाहिए क्योंकि परीक्षा नजदीक आ रही है। लेकिन उन्होंने इस वीडियो को काट दिया।‘



