झारखंड हाईकोर्ट ने बोकारो स्टील प्लांट में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बोकारो जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि भविष्य में प्लांट की स्थिति बिगड़ने की आशंका हो तो प्रशासन तुरंत कार्रवाई करे। अधिकारियों को हालात खराब होने का इंतजार नहीं करना चाहिए। समय रहते कदम उठाने से संयंत्र को संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है। यह मामला विस्थापितों के नियोजन की मांग को लेकर हुए आंदोलन से जुड़ा है। आंदोलन के कारण प्लांट का उत्पादन प्रभावित हुआ था। इस दौरान ड्यूटी पर पहुंचे करीब 15 हजार अधिकारी और कर्मचारी प्लांट के अंदर फंस गए थे। कई कर्मचारी प्लांट के भीतर प्रवेश भी नहीं कर सके थे। इस मामले में दायर रिट याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने की। बोकारो के उपायुक्त की ओर से अदालत को बताया गया कि प्लांट के सभी 11 गेट खोल दिए गए हैं। कर्मचारियों की आवाजाही अब सामान्य हो चुकी है। प्रशासन ने यह भी बताया कि संयंत्र में शांति व्यवस्था बहाल है। याचिकाकर्ता की ओर से भी अदालत को जानकारी दी गई कि प्लांट की स्थिति सामान्य हो गई है। इन तथ्यों को देखते हुए हाईकोर्ट ने याचिका का निष्पादन कर दिया। हालांकि, अदालत ने बोकारो जिला प्रशासन को स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि शांति भंग होने की आशंका दिखने पर पहले ही कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि प्लांट के कामकाज और सुरक्षा पर प्रतिकूल असर न पड़े।
इससे पहले 18 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने प्रशासन को कर्मचारियों की आवाजाही बाधित नहीं होने देने का निर्देश दिया था। अदालत ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बोकारो उपायुक्त को जवाब दाखिल करने को कहा था। पिछली सुनवाई में याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया था कि विस्थापितों ने करीब नौ दिनों तक प्लांट के सभी प्रवेश द्वारों पर जाम लगा रखा था। इसके कारण संयंत्र में आने-जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया था। इस आंदोलन से ब्लास्ट फर्नेस, सिंटर प्लांट और स्टील मेल्टिंग शॉप जैसी प्रमुख इकाइयों का संचालन प्रभावित हुआ था। उत्पादन ठप होने से संयंत्र प्रबंधन की परेशानियां बढ़ गई थीं। अब सभी गेट खुलने और स्थिति सामान्य होने की जानकारी के बाद याचिका का निपटारा कर दिया गया है। इसके बावजूद जिला प्रशासन को भविष्य में किसी भी तनावपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।



