खुद से ही खुद की शादी:आत्मविवाह करने जा रही शमा का विरोध, वडोदरा की पूर्व मेयर ने कहा – ‘नहीं होने देंगे किसी मंदिर में शादी’

गुजरात के वडोदरा शहर में रहने वाली 24 साल की शमा बिंदु इन दिनों चर्चा में हैं। दरअसल शमा खुद से शादी करने जा रही हैं। यानी कि उनकी इस शादी में रीति रिवाज, फेरे से लेकर पारंपरिक अनुष्ठान तक सब होगा, लेकिन दूल्हा नहीं होगा। इसे गुजरात का पहला आत्म-विवाह या एकल विवाह बताया जा रहा है। हालांकि, उनके इस फैसले का विरोध भी शुरू हो गया है।
किसी मंदिर में नहीं होने दी जाएगी शादी : सुनीता शुक्ला
वडोदरा शहर की पूर्व डिप्टी मेयर सुनीता शुक्ला ने तो यहां तक कह दिया है कि उनकी शादी शहर के किसी भी मंदिर में नहीं होने दी जाएगी। शुक्ला ने भी मंदिर के ट्रस्टी से बात कर शादी रोकने को कहा है। उन्होंने शमा को
‘मानसिक रूप से विक्षिप्त’ करार देते हुए कहा – ‘हिंदू शास्त्रों और वैदिक शास्त्रों के अनुसार विवाह सामाजिक व्यवस्था के साथ होते हैं। ऐसे में शमा का यह विवाह शास्त्रों के विरुद्ध है।’
पंडित ने भी हाथ खड़े किए
सुनीता शुक्ला ने शमा को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि शहर के किसी भी मंदिर में शादी हुई तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। अगर शमा को शादी करनी है तो होटल बुक करें या किसी दूसरी जगह जाकर शादी करें। विवाद बढ़ने के चलते शमा की शादी कराने जा रहे पंडित ने भी विवाह कराने से मना कर दिया है।
दुल्हन बनना है पर शादी नहीं करना चाहती
क्षमा का इस आत्म विवाह को लेकर कहना है, ‘मैं कभी शादी नहीं करना चाहती थी, लेकिन मैं दुल्हन बनना चाहती थी। इसलिए मैंने खुद से शादी करने का फैसला किया। शायद अपने देश में मैं सेल्फ-लव का एक उदाहरण सेट करने वाली पहली लड़की हूं।’
महिलाएं भी मायने रखती हैं
प्राइवेट फर्म में जॉब करने वाली क्षमा का कहना है कि लोग इस तरह की शादी को इर्रेलिवेंट माना सकते हैं, लेकिन मैं यह बताना चाहती हूं महिलाएं भी मायने रखती हैं। लोग उस इंसान से शादी करते हैं, जिससे वो प्यार करते हैं। मैं खुद से प्यार करती हूं इसलिए आत्म विवाह कर रही हूं।
हनीमून पर गोवा जाएंगी
क्षमा बिंदु के माता-पिता भी अपनी बेटी के फैसले से खुश है। उन्होंने इस शादी को आशीर्वाद भी दिया है। क्षमा ने अपनी शादी के लिए गोत्री के एक मंदिर में पांच मन्नतें लिखी हैं। शादी के बाद क्षमा हनीमून के लिए गोवा को चुना है, यहां पर वह दो हफ्ते रहेंगी।
Source : Dainik Bhaskar



