शहबाज का घर जलाया, बैंकों को लूटा… पाकिस्तान में रातभर गूंजती रहीं गोलियां, इमरान समर्थकों और सेना में जंग!
पाकिस्तान में पिछली रात हिंसा और अशांति के साथ बीती। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को कई प्रयासों के बाद आखिरकार मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। वह इस्लामाबाद हाई कोर्ट में किसी अन्य मामले में पेश होने के लिए गए थे कि तभी पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें हिरासत में ले लिया और राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (NAB) की गिरफ्तारी में दे दिया। इमरान को अल-कादिर ट्रस्ट से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है जिसके संबंध में 1 मई को उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया था। इधर इमरान गिरफ्तार हुए और उधर पीटीआई (इमरान की पार्टी) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। इन प्रदर्शनकारियों को पीटीआई कार्यकर्ता से ज्यादा इमरान समर्थक कहना उचित होगा।
प्रदर्शनकारियों ने सेना मुख्यालय से लेकर कोर कमांडर के घर पर हमला बोला, पथराव किया, आगजनी की और लूटपाट को अंजाम दिया। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने आंसूगैस के गोलों का इस्तेमाल किया और गोलियां भी चलाईं। खबर है कि इनमें कई लोगों की मौत हुई है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। फिलहाल पाकिस्तान में इंटरनेट सेवा बंद है, फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब की सेवा को रोक दिया गया है और धारा 144 लागू कर दी गई है।
सेना ने चलाया ऑपरेशन
पाकिस्तान में मंगलवार को शाम से शुरू हुआ हंगामा रातभर जारी रहा। प्रमुख सैन्य इमारतों पर कब्जा करके बैठे इमरान समर्थकों को बाहर निकालने के लिए सेना ने अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को फायरिंग तक करनी पड़ी। देश के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर हिंसा, आगजनी, झड़प और दंगे हुए। भीड़ ने लाहौर में सेना के मर्दन कैंट कोर कमांडर के आवास पर हमला बोल दिया और घर को तहस-नहस कर दिया।




