रांची में बिरसा हरित ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु वर्चुअल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन.

रांची – मनरेगा आयुक्त श्रीमती राजेश्वरी बी ने कार्य में दक्षता हेतु प्रशिक्षण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्य करने की क्षमता में वृद्धि होगी और अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा। श्रीमती राजेश्वरी बी ने शुक्रवार को बिरसा हरित ग्राम योजना के वित्तीय वर्ष 2022-23 के सफल क्रियान्वयन को लेकर राज्य के जेएसएलपीएस के सभी जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला आजीविका प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, मनरेगा के परियोजना पदाधिकारी, सहायक परियोजना पदाधिकारी एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को वर्चुअल प्रशिक्षण शिविर में दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को बिरसा हरित ग्राम योजना के लक्ष्यों के अनुसार कार्य करने का निर्देश दिया। श्रीमती राजेश्वरी बी ने शत प्रतिशत सीपीटी (पशु रोधक खाई) के कार्य को पूरा करने का निर्देश दिया।
श्रीमती राजेश्वरी बी ने मिश्रित बागवानी के माध्यम से आम जनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में मिश्रित बागवानी के तहत किसानों को आम, नींबू, अमरूद एवं इमारती पौधे लगाने के लिए प्रेरित करें, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुधारी जा सके।
कार्यक्रम में उन्होंने बिरसा हरित ग्राम योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी प्रदान की।



