बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 200 के पार, झारखंड में भी 29 नए मरीज मिले
बिहार और झारखंड में अब कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पटना में ओमिक्रॉन के नए वैरिएंट एक्सबीबी 1.16 वायरस के मामले भी मिले हैं। इसके साथ ही राजधानी पटना में अब सक्रिय कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 114 हो गई है। जबकि गया में 21 और भागलपुर में 13 सक्रिय केस हैं। इसके साथ ही बिहार एक्टिव कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 214 हो गई हैं। इसमें से 50 प्रतिशत मामले राजधानी पटना के ही हैं। पिछले 24 घंटे में बांका, पूर्णिया, चंपारण, कैमूर, खगड़ियां, नालंदा और रोहतास समेत कई अन्य जिलों में भी कोरोना ने दस्तक दी है।
झारखंड में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 99 हुई
झारखंड में भी पिछले 24 घंटे में 29 नए कोरोना संक्रमित मिलने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 99 हो गई है। अब रांची के अलावा अलग-अलग जिलों में नए-नए कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। 24 में से अब 14 जिलों में कोरोना ने पांव पसार लिया है। सबसे अधिक 38 केस रांची में मिले हैं। झारखंड में पिछले 24 घंटे में 1970 कोरोना संदिग्धों के सैंपल टेस्ट किए गए, जिसमें से 29 संक्रमित पाए गए हैं। इसमें रांची में 9, रामगढ़, गढ़वा, खूंटी, कोडरमा और लातेहार जिले में एक-एक कोरोना संक्रमित मिले। वहीं देवघर में 4, पूर्वी सिंहभूम में 3 और दुमका-हजारीबाग में दो-दो नए संक्रमितों की पहचान हुई।




