श्रावणी मेले में इंडिगो दे रहा रायपुर, गोरखपुर और काठमांडू से देवघर कनेक्टिंग फ्लाइट

श्रावणी मेले के दौरान इंडिगो देवघर से कई शहरों के लिए विशेष कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा प्रदान कर रहा है। श्रावणी मेला में अधिकतर यूपी, बिहार और छत्तीसगढ़ से श्रद्धालु देवघर दर्शन के लिए आते हैं। नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर आते हैं। श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए इंडिगो ने गोरखपुर, रायपुर और काठमांडू से देवघर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की व्यवस्था की है।
फ्लाइट की समय-सारणी
रायपुर से फ्लाइट सुबह 9:35 बजे उड़ान भरेगी और कोलकाता में दो घंटे रुकने के बाद 4:15 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगी।
गोरखपुर से फ्लाइट वाया कोलकाता होते हुए पांच घंटे में देवघर पहुंचेगी।
काठमांडू से फ्लाइट वाया कोलकाता होते हुए 11 घंटे में देवघर पहुंचेगी। काठमांडू से सप्ताह में दो दिन कनेक्टिंग फ्लाइट है, जबकि गोरखपुर और रायपुर से सप्ताह में तीन दिन कनेक्टिंग फ्लाइट देवघर के लिए उपलब्ध है।
दिल्ली से देवघर की पहली फ्लाइट 30 जुलाई को उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट ऐतिहासिक होगी क्योंकि इसमें गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के साथ नौ अन्य सांसद भी होंगे। इंडिगो की इस फ्लाइट के पायलट छपरा के सांसद राजीव प्रताप रूडी होंगे।
इस फ्लाइट में आम लोगों के अलावा गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, भोजपुरी स्टार सांसद मनोज तिवारी, दिनेश लाल निरहुआ, रवि किशन, बैद्यनाथ आयुर्वेद के मालिक और सांसद अनुराग शर्मा, दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा, यूपी के सांसद कमलेश पासवान और सुब्रत पाठक भी देवघर आएंगे। बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करने के बाद सभी सांसद अगले दिन इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली लौटेंगे।



