पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में लॉरेंस बिश्नोई से होगी पूछताछ, पंजाब पुलिस ने उसे मोहाली ले जाया

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। इस कारण पंजाब पुलिस ने उसे कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली से मानसा लाया। आज उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष मानसा कोर्ट में पेश किया जाएगा। बता दें कि दिल्ली की अदालत ने पंजाब पुलिस को निर्देश दिया है कि लॉरेंस बिश्नोई की मेडिकल जांच दिल्ली छोड़ने से पहले और मानसा में संबंधित सीजेएम अदालत के समक्ष पेश करने से पहले कानून और नियमों के अनुसार की जाए।
गैंगस्टर को मनसा लाया गया
लॉरेंस बिश्नोई को बुधवार सुबह करीब चार बजे कड़ी सुरक्षा के बीच पंजाब के मनसा जिले में लाया गया। जिला सिविल अस्पताल में चिकित्सा जांच के बाद उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। पुलिस रिमांड मिलने के बाद पंजाब पुलिस बिश्नोई को मोहाली शिफ्ट कर रही है, जहां उससे पूछताछ की जाएगी।
लॉरेंस बिश्नोई के वकील विशाल चोपड़ा कहा कि उसे ले जाने लेकर कोर्ट में पेश करने तक की पूरी वीडियोग्राफी की जाएगी। अदालत ने आदेश दिया है कि पंजाब पुलिस उसकी जीवन और सुरक्षा के लिए पूरी तरह जिम्मेदार होगी और कोई दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। विशाल चोपड़ा ने बताया कि अदालत ने शर्तों के साथ ट्रांजिट रिमांड दी है। पंजाब पुलिस उसे ले जाने से पहले उसका मेडिकल टेस्ट करवाएगी, सभी सुरक्षा उपायों का ध्यान रखा जाएगा, उसे हथकड़ी पहनाई जाएगी और बुलेटप्रूफ वाहन में ले जाया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की 29 मई को पंजाब के मनसा जिले में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम सामने आया था। हालांकि, कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बरार ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस बिश्नोई की भूमिका की जांच कर रही है, क्योंकि बरार ने आरोप लगाया था कि उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई के साथ मिलकर यह हत्या की थी।



