मंकीपॉक्स पर झारखंड अलर्ट: NHM अभियान निदेशक ने दिया निगरानी बढ़ाने का निर्देश

यूरोप, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा जैसे देशों में मंकीपॉक्स के मामले सामने आने के बाद झारखंड में भी सतर्कता बढ़ाने का निर्देश जारी किया गया है। एनएचएम के अभियान निदेशक आदित्य आनंद ने राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों को एडवाइजरी जारी कर विशेष एहतियात बरतने का निर्देश दिया है। साथ ही, डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस ऑफिसर और आईडीएसपी को भी मंकीपॉक्स पर निगरानी बढ़ाने की हिदायत दी गई है।
मंकीपॉक्स प्रभावित देशों से आने वाले लोगों पर विशेष निगरानी
अभियान निदेशक द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि जो लोग अंतरराष्ट्रीय यात्रा से लौटे हैं और उनके शरीर पर दाने, बुखार या चकते दिख रहे हैं, उन पर विशेष निगरानी रखी जाए। ऐसे संदिग्धों के सैंपल आईसीएमआर एनआईबी के बीएसएल-4 लैब पुणे में जांच के लिए भेजें।
संदिग्धों को अलग रखकर करें इलाज
अभियान निदेशक ने निर्देश दिया है कि पिछले 21 दिनों में किसी ऐसे देश की यात्रा करने वाले और मंकीपॉक्स के लक्षण दिखाने वाले लोगों को तब तक अलग रखा जाए जब तक कि उनकी त्वचा की एक नई परत न बन जाए। ऐसे सभी मामलों की सूचना जिला निगरानी अधिकारी को दी जाए।



