JharkhandStates

गोड्डा के दिव्यांग छात्र फैजानुल्लाह से मिले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन.

मुंह से लिखकर मैट्रिक में हासिल किए 93.8 प्रतिशत अंक, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया हौसला.

गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने अपनी मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति से एक मिसाल पेश की है। उन्होंने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। खास बात यह है कि फैजानुल्लाह सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित हैं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी पढ़ाई जारी रखी। वह दांतों के बीच पेन पकड़कर मुंह से लिखते हैं। इसी तरह उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा भी दी और शानदार सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 26 नवंबर को झारखंड विधानसभा में उनसे मुलाकात की। इस दौरान फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री को अपनी शारीरिक स्थिति और पढ़ाई के संघर्ष के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने उनकी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने छात्र को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनकी शिक्षा और आगे की जरूरतों के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि फैजानुल्लाह की सफलता पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास को दर्शाती है। मुख्यमंत्री के अनुसार, उनका संघर्ष समावेशी शिक्षा और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण है। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि फैजानुल्लाह का नामांकन गोड्डा के यूएचएस शिवाजीनगर में रहा है। उनकी पढ़ाई झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम बेस्ड एजुकेशन (HBE) के माध्यम से संचालित हुई। इस व्यवस्था के जरिए उन्हें घर पर रहकर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिला। शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने नियमित मेहनत और लगन से अपनी पढ़ाई जारी रखी। मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करना उनकी इसी मेहनत का परिणाम है। उनकी सफलता से यह संदेश मिलता है कि उचित सहयोग और मजबूत इच्छाशक्ति से कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button