रांची के लालपुर चौक स्थित मून डिस्को बार के बाहर हुई सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में रांची पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करेगी।
चार जनवरी की रात सत्यप्रकाश सिंह अपने भांजे अंकित कुमार सिंह और दोस्तों के साथ बार गए थे। रात करीब बारह बजे बाहर निकलते समय दूसरे समूह ने आपत्तिजनक टिप्पणी की। विरोध करने पर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। मारपीट के दौरान सड़क पर खड़ी कार से अंकित और उसके दोस्तों को टक्कर मारी गई। अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद आरोपियों ने दोबारा कार चढ़ाकर अंकित को कुचल दिया। घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को गढ़वा ले जाया गया। बाद में जीरो एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।



