अमेरिका ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत के साथ दृढ़ता से खड़े रहने की बात कही है और इस जघन्य कृत्य के अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने का आह्वान किया है।
विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने यह आश्वासन दिया कि अमेरिका भारत के साथ है और आतंकवाद के सभी कृत्यों की कड़ी निंदा करता है।
टैमी ब्रूस ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि जैसा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने स्पष्ट किया है, संयुक्त राज्य अमेरिका भारत के साथ खड़ा है और आतंकवाद के सभी कृत्यों की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रार्थनाएं उन लोगों के परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। हम इस जघन्य कृत्य के अपराधियों को न्याय दिलाने की मांग करते हैं।
पहलगाम में हुए इस बर्बर हमले में 26 निर्दोष नागरिक मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। अमेरिका ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है और सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने का आग्रह किया है। अमेरिका ने यह भी कहा है कि वह इस मामले की बारीकी से निगरानी कर रहा है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।



