धनबाद में आग का भयावह मंजर, 35 परिवारों ने भागकर बचाई जान, जेबीवीएनएल को करोड़ों का नुकसान
धनबाद में बिजली विभाग के ट्रांसफार्मर वर्कशॉप में आग लगने से झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) को करोड़ों का नुकसान हुआ है। आग सदर थाना के पीछे हीरापुर बिजली सब डिवीजन कार्यालय परिसर में जीएम आवास से सटे एरिया बोर्ड के ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप (टीआरडब्ल्यू) में लगी। हादसे में करोड़ों रुपये मूल्य के ट्रांसफॉर्मर और अन्य उपकरण जलकर खाक हो गये. 50 लाख रुपये से अधिक के स्क्रैप भी जल गए.
कुछ ही मिनट में आग हुई भयावह
आग यह घटना रात नौ बजे की है. शाम सात बजे कर्मचारी काम समाप्त कर घर चले गये थे. वहां सुरक्षा में पांच गार्ड तैनात थे. रात लगभग सवा नौ बजे टीआरडब्ल्यू के अंदर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं. गार्ड और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग भयावह रूप ले चुकी थी.
आसपास के 100 क्वार्टरों में मची अफरा तफरी
आसपास करीब 100 क्वार्टर हैं जहां रह रहे 35 परिवारों ने भागकर अपनी जान बचाई। आनन- फानन में इसकी सूचना जेबीवीएनएल के अधिकारियों व अग्निशमन विभाग को दी गयी।
दमकल की चार गाड़िया मौके पर पहुंची
अगलगी की इस घटना में आग बुझाने अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां एक एक कर मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता देख बीसीसीएल, हर्ल की दमकल टीम भी बुला ली गयी। देर रात एक बजे तक दमकल के 10 वाहन आग पर काबू पाने प्रयास कर रहे थे। आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चला है। हालांकि विभागीय अधिकारी शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही हैं।



