
रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कड़रू में एक महिला की बेरहमी से हत्या की गई है। कत्ल का आरोप पति पर लगा है। वारदात को चाकू से अंजाम दिया गया है। घटना शनिवार देर रात की है। महिला की पहचान कड़रू हज हाउस के समीप रहने वाली शहनाज परवीन पिता इसराइल खान के रूप में की गई है। आरोप है कि पति ने मायके में ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में परिजनों ने महिला को RIMS में भर्ती कराया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों से पूछताछ के आधार पर आरोपी पति कारू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10:00 बजे पति अपनी पत्नी को घर ले जाना चाह रहा था। इसे लेकर विवाद हुआ। इसके बाद उसने चाकू निकालकर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद अरगोड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बारे में जानकारी ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला का शव RIMS में रखा गया था। रविवार की सुबह शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इस बीच पुलिस आरोपी पति से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
Source : Dainik Bhaskar


