झारखंड में जमीन और फ्लैट खरीद में बढ़ी दिलचस्पी, 35 हजार करोड़ रुपए के निवेश का अनुमान.
सरकारी रजिस्ट्रेशन से राज्य को मिला 1123 करोड़ रुपए का राजस्व, फ्लैट खरीदने वालों की संख्या में इजाफा.
पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान झारखंड में शहरी और ग्रामीण इलाकों में जमीन, मकान और फ्लैट खरीदने वालों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक, करीब 1,48,325 लोगों ने संपत्ति खरीद में दिलचस्पी दिखाई और इस दौरान 16,018 करोड़ रुपए का निवेश केवल सरकारी रेट के आधार पर दर्ज किया गया।
हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार इन संपत्तियों का वास्तविक बाजार मूल्य 35,000 करोड़ रुपए से भी अधिक आंका जा रहा है। इस संपत्ति खरीद से राज्य सरकार को 1123.29 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो आर्थिक मजबूती की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
खास बात यह है कि इस आंकड़े में करीब 15 फीसदी लोगों ने फ्लैट में निवेश किया है, जिससे शहरी इलाकों में रियल एस्टेट सेक्टर में नई जान आई है। सरकार का मानना है कि आगामी वर्षों में निवेश की यह प्रवृत्ति और भी मजबूत होगी, जिससे राजस्व में और इजाफा होगा।


