Uncategorized

जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र के चोरमारा स्थित सीआरपीएफ 215 बटालियन कैंप में नक्सली संगठन के तीन शीर्ष हार्डकोर नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।

बिहार में सरेंडर करने वाले तीन दुर्दांत नक्सली
 सरेंडर करने वाले नक्सलियों में पूर्वी बिहार-पूर्वोत्तर झारखंड सीमावर्ती इलाके के कुख्यात नक्सली प्रवेश दा और अरविंद यादव गिरोह के तीन शीर्ष सदस्य शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, हार्डकोर नक्सली बालेश्वर कोड़ा, अर्जुन कोड़ा और नागेश्वर कोड़ा ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है।

महिला नक्सलियों का भी आत्मसमर्पण

एसपी ने इन सभी नक्सलियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बालेश्वर कोड़ा संगठन का रणनीतिकार और हथियार सप्लायर है। इसके अलावा, दो महिला नक्सली पोली और श्वेता समेत चार अन्य नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण किया है। झाझा थाना क्षेत्र के नरगंजो से नक्सली बहादुर कोड़ा और नारायण कोड़ा की गिरफ्तारी भी हुई है। सभी नक्सलियों को लेकर सीआरपीएफ ने जंगल में सर्च अभियान भी चलाया।

तीन दुर्दांत नक्सली

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में तीन बेहद खतरनाक रहे हैं। बालेश्वर कोड़ा और अर्जुन कोड़ा पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था, जबकि नागेश्वर कोड़ा पर 1 लाख रुपये का इनाम था। इन नक्सलियों के आत्मसमर्पण की खबर से लोग हैरान रह गए। ये तीनों नक्सली इलाके में खौफ फैलाते थे और अक्सर बड़े वारदातों को अंजाम देते थे।

एसपी केसी सुरेंद्र बाबू की हत्या

बालेश्वर कोड़ा ने 5 जनवरी 2005 को मुंगेर के तत्कालीन एसपी केसी सुरेंद्र बाबू की भीमबांध में हत्या कर दी थी। एसपी के रास्ते में लैंडमाइंस बिछाई गई थी, जिससे एसपी का काफिला गुजरते ही बड़ा धमाका हुआ और उनकी गाड़ी उड़ गई। 1 जनवरी 2008 को मुंगेर के ऋषि कुंड में 4 सैप जवानों की हत्या करके हथियार लूटे गए थे। जमुई के खैरा में इंस्पेक्टर कपिल राम की हत्या में भी इनका हाथ था।

गोरिल्ला अटैक में 6 जवानों की हत्या

सोनो में गोरिल्ला अटैक कर 6 जवानों की हत्या की गई थी। बरहट के गुरमाहा कुमरतरी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के बाद पूरे गांव को विस्थापित कर दिया था। भागलपुर के नाथनगर रेलवे स्टेशन की पटरी पर 17 फरवरी 2021 को भारी विस्फोटक लगाकर ट्रेन उड़ाने का प्रयास किया था। साथ ही, 29 अगस्त 2010 को लखिसराय के कजरा में भीषण पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 7 पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। इसमें भी इन नक्सलियों की संलिप्तता पाई गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button