अमेरिका फिर गोलीबारी से दहला, जॉर्जिया में हाउस पार्टी के बीच फायरिंग, 2 टीनएजर्स की मौत

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक फायरिंग की यह घटना अमेरिका के जॉर्जिया राज्य के डगलस शहर में हुई. यह शहर अटलांटा से करीब 32 किलोमीटर पश्चिम में है. यहां अपनी बेटी के जन्मदिन पर एक परिवार ने स्वीट-16 पार्टी का आयोजन किया था. पहले से ही तय योजना के मुताबिक यह पार्टी रात 10 बजे खत्म होनी थी. लेकिन पार्टी के दौरान ही कुछ लोगों का आपस में विवाद हो गया. यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि बीच पार्टी में गोलीबारी शुरू हो गई.
अमेरिका एक बार फिर गोलीबारी की घटना से दहल गया है. इस बार फायरिंग एक हाउस पार्टी में हुई है, जिसमें 100 से ज्यादा किशोर (टीनएजर) मौजूद थे. फायरिंग में 2 किशोरों की मौत हो गई है, जबकि 6 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल आरोपी की तलाश के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है.



